
बिलासपुर। वन विभाग ने अवैध सागौन तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लकड़ी से लदी एक महिंद्रा पिकअप और उसके साथ चल रही एक बाइक जब्त की है। मामले में चार आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत वन अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
वन विभाग के अनुसार, कोटा परियोजना मंडल के भैंसाझार परिक्षेत्र अंतर्गत कलमीटार बीट के जोगीपुर-रतनपुर मार्ग पर रात्रिकालीन गश्त के दौरान संदिग्ध महिंद्रा पिकअप (सीजी-10 सीए-5582) को रोककर जांच की गई। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें सागौन के 11 लट्ठे मिले, जिनकी अनुमानित कीमत 50 से 60 हजार रुपये बताई गई है।
जांच के दौरान चालक और साथ मौजूद लोग सागौन लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। वन विभाग ने तस्करी में रेकी के लिए इस्तेमाल की जा रही होंडा लीवो बाइक (सीजी-28 सी-3192) को भी जब्त कर लिया।
प्रारंभिक जांच में मामले में नीलकुमार घृतलहरे, ललित साहू, लालसिंह और दुर्गेश पाली की संलिप्तता सामने आने पर चारों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है।
वन विभाग का कहना है कि अवैध लकड़ी कटाई और तस्करी पर रोक लगाने के लिए क्षेत्र में लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है। मामले की विस्तृत जांच जारी है तथा इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
