
बिलासपुर। रतनपुर पुलिस ने राहगीरों को रोककर आंख में मिर्च पाउडर झोंकने, शराब पीने के लिए पैसे मांगने और मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, सेमरी निवासी संतोष यादव ने 22 जुलाई को रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने पड़ोसी अक्षय के साथ ग्राम पौंसरा से धान का बीज लेकर मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान सेमरा बाजार के पास चेतन ध्रुव और उसके दो साथियों ने उनकी बाइक रोक ली। आरोप है कि बदमाशों ने अक्षय की आंख में मिर्च पाउडर झोंक दिया और अश्लील गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगे।
पीड़ितों द्वारा पैसे नहीं होने की बात कहने पर आरोपियों ने अक्षय के साथ मारपीट की और उसका मोबाइल फोन तोड़ दिया। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर रतनपुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के नेतृत्व में टीम गठित की। पुलिस ने घेराबंदी कर सेमरा (भरारी) निवासी चेतन ध्रुव (20 वर्ष), जागेश्वर प्रसाद साहू (32 वर्ष) और आकाश साहू (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक मनोज एक्का, प्रधान आरक्षक दिनेश कांत तथा आरक्षक पवन ठाकुर और धीरज कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
