
बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र में प्राइम लोकेशन की जमीन बेचने का झांसा देकर एक प्रॉपर्टी डीलर से 13.60 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि बयाना राशि लेने के बाद आरोपियों ने न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई और न ही रकम वापस की। शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, लिंगियाडीह स्थित राजीव विहार निवासी योगेश मिश्रा (46) ने शिकायत में बताया कि अगस्त 2023 में एक पारिवारिक कार्यक्रम के दौरान उनकी पहचान चांपा निवासी राजेश कुमार सोनी (44) से हुई थी। राजेश ने स्वयं को सरकंडा स्थित मार्क हॉस्पिटल के सामने स्थित 52 डिसमिल जमीन की मालकिन ममता गुप्ता का पावर ऑफ अटॉर्नी धारक बताते हुए जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया।
जमीन पसंद आने के बाद 6 दिसंबर 2023 को राजकिशोर नगर स्थित कान्हा एंड संस कार्यालय में 1.45 करोड़ रुपये में सौदा तय हुआ और इकरारनामा किया गया। शिकायत के अनुसार, सौदे के तहत योगेश मिश्रा ने बयाना के रूप में 4 लाख रुपये ममता गुप्ता के बैंक खाते में चेक से तथा 9.60 लाख रुपये राजेश सोनी के खाते में चेक और यूपीआई के माध्यम से ट्रांसफर किए। इस तरह कुल 13.60 लाख रुपये आरोपियों को दिए गए।
पीड़ित का आरोप है कि बयाना राशि लेने के बाद आरोपी लगातार रजिस्ट्री टालते रहे। कई बार आग्रह करने के बावजूद जब रजिस्ट्री नहीं कराई गई तो वह अपने साथियों के साथ आरोपियों से मिलने पहुंचे। इस दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर रजिस्ट्री करने से इनकार कर दिया और पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद योगेश मिश्रा ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान दस्तावेजों और लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
