
संतोष यादव

सूरजपुर, 12 जुलाई। बसदेई पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
पुलिस के अनुसार, कुसमी नवापारा निवासी श्याम लाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 8 जुलाई 2026 को वह अपने परिवार के साथ घर से बाहर गए थे। लौटने पर घर का मुख्य दरवाजा टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो घर में रखे 3 हजार रुपये नकद सहित घरेलू सामान चोरी हो चुका था।
शिकायत के आधार पर पुलिस चौकी बसदेई में अपराध क्रमांक 497/2026 के तहत बीएनएस की धारा 331(2), 305 और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की। पूछताछ में दिनेश कुमार सोनवानी (32 वर्ष) और अंकित तिवारी (28 वर्ष) ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी गया सामान बरामद कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
