

नई दिल्ली।
ऑल इंडिया टेंट डीलर वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन (रजि.) की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आज नई दिल्ली स्थित कोचर हाउस में राष्ट्रीय अध्यक्ष विपुल सिंघल की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं देशभर के प्रमुख सदस्यों ने भाग लेते हुए टेंट उद्योग से जुड़े विभिन्न अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान संरक्षक अमरजीत सिंह दुआ (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ टेंट ओनर वेलफेयर एसोसिएशन) ने छत्तीसगढ़ में आम सभा आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति दी गई। इसके तहत छत्तीसगढ़ टेंट एसोसिएशन की आम सभा 31 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक रायपुर (छत्तीसगढ़) में आयोजित की जाएगी। इस आयोजन में संगठन के राष्ट्रीय पदाधिकारियों के साथ देशभर से टेंट व्यवसायी बड़ी संख्या में भाग लेंगे।
सभा में टेंट व्यवसायियों के सामने आ रही समस्याओं पर गंभीर मंथन किया गया। साथ ही यह निर्णय लिया गया कि व्यवसाय को आधुनिक, संगठित और प्रतिस्पर्धात्मक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

संगठन के महासचिव सरदार करतार सिंह कोच्चर ने रायपुर में होने वाली आम सभा के दौरान जीएसटी सेमिनार आयोजित करने की सहमति दी। उन्होंने सुझाव दिया कि इसी तरह के सेमिनार प्रत्येक राज्य में आयोजित किए जाएं, ताकि टेंट व्यवसायी जीएसटी नियमों को बेहतर तरीके से समझ सकें और किसी भी प्रकार की सरकारी दंडात्मक कार्रवाई से बच सकें।
बैठक में राष्ट्रीय चेयरमैन दादू पुरोहित, अध्यक्ष विपुल सिंघल, कोषाध्यक्ष प्रिंस रतनानी, सलाहकार अधिवक्ता इंदरजीत प्रजापति, अधिवक्ता राजू गुप्ता सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
