
यूनुस मेमन

रतनपुर। नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला नवापारा रतनपुर में शाला प्रवेशोत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। विद्यालय पहुंचे नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर व पुष्प अर्पित कर स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों एवं गणवेश का वितरण किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पालिका उपाध्यक्ष बिनु निराला एवं वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद घनश्याम कमलसेन ,हिरा सिंह मरावी ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को नए सत्र की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उपाध्यक्ष बिनु निराला ने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता की कुंजी है। बच्चों को नियमित विद्यालय आकर मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए, ताकि वे अपने माता-पिता, विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन कर सकें।

पार्षद घनश्याम कमलसेन ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यार्थी जीवन में अनुशासन और परिश्रम का विशेष महत्व है। उन्होंने बच्चों को अच्छे संस्कार अपनाने, शिक्षकों का सम्मान करने तथा पूरी लगन से अध्ययन करने की सीख दी। इस अवसर पर प्रधान पाठक हातिम अली, शिक्षक संतोष शुक्ला, पार्षद हीरा सिंह मरावी, शिक्षक अमित कुमार तम्बोली, अहिल्या भारद्वाज, प्रतिभा पांडे ने शासन की विभिन्न शैक्षणिक योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में नए शैक्षणिक सत्र को लेकर उत्साह देखने को मिला तथा विद्यालय परिवार ने सभी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
