

मुंगेली, 05 अप्रैल 2026: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय मुंगेली से जारी प्रेस नोट के अनुसार, थाना लालपुर क्षेत्र में गुम हुई एक बालिग युवती को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। युवती के बालिग होने और अपनी इच्छा से विवाह करने की पुष्टि होने के बाद उसे संबंधित युवक के संरक्षण में सौंप दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 15 मार्च 2026 को ग्राम गुरूवाईनडबरी से एक युवती के गुम होने की सूचना थाना लालपुर में दर्ज की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तकनीकी साधनों और पारंपरिक जांच के माध्यम से खोजबीन शुरू की। जांच के दौरान 4 अप्रैल 2026 को युवती को भिलाई में ईलेश कुमार भास्कर (23 वर्ष) के साथ पाया गया।
दोनों को थाना लाकर परिजनों के समक्ष युवती का बयान दर्ज किया गया, जिसमें उसने स्वयं को बालिग बताते हुए अपनी मर्जी से बिना किसी दबाव के मंदिर में विवाह करने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए युवती को युवक ईलेश कुमार भास्कर के साथ भेज दिया।
इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबरों का भी पुलिस ने खंडन किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने जिलेवासियों से अपील की है कि अपुष्ट और भ्रामक खबरों से बचें तथा किसी भी जानकारी के लिए संबंधित थाना या पुलिस चौकी से संपर्क करें। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को गुमशुदगी और अपहरण के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
