
बिलासपुर। हिर्री थाना पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार तलवार जब्त की गई है। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 3 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धौराभाठा के इमली चौक के पास एक युवक तलवार लहराकर राहगीरों को भयभीत कर रहा है। सूचना पर वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में थाना प्रभारी निरीक्षक दामोदर मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुरेंद्र बंजारे उर्फ सुल्तान उर्फ गोलू (32 वर्ष), निवासी ग्राम धौराभाठा, थाना हिर्री, जिला बिलासपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक धारदार तलवार बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
