

बिलासपुर। जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस ने गुंडा और बदमाशों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान 146 बदमाशों की चेकिंग की गई, जबकि 34 निगरानी बदमाशों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई।

पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बदमाशों को थानों में तलब कर उनके आवागमन, संपर्क और आय के स्रोतों की बारीकी से जांच की गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे किसी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न हों।
पुलिस ने पूर्व में दर्ज मामलों की भी समीक्षा की और यह जांचा कि संबंधित आरोपी न्यायालय में नियमित रूप से पेश हो रहे हैं या नहीं। जिनके खिलाफ वारंट लंबित थे, उनके विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 3 वारंट तामील किए गए।

इस दौरान 15 प्रकरणों में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126, 129 और 135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। साथ ही सभी बदमाशों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी गई कि भविष्य में किसी भी अपराध में शामिल पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि चेकिंग के दौरान अनुपस्थित पाए गए बदमाशों की तलाश जारी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए आगे भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

