
बिलासपुर। जिले में चलाए जा रहे ‘चेतना विरुद्ध नशा’ अभियान के तहत सीपत पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 16.200 लीटर देशी प्लेन शराब तथा परिवहन में प्रयुक्त एक एक्टिवा जब्त की है। दोनों आरोपियों को आबकारी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार 3 जुलाई को मुखबिर से सूचना मिली थी कि देवरी निवासी रमेश कुमार उर्फ रामेश्वर प्रसाद बंजारे (49) अपने साथी प्रमेंद्र डहरिया (29) के साथ एक्टिवा क्रमांक सीजी 10 बीव्ही 1695 से बड़ी मात्रा में देशी शराब बिक्री के लिए ले जा रहा है। सूचना पर सीपत पुलिस ने ग्राम खांडा स्थित पेट्रोल पंप के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 16.200 लीटर देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत करीब 7,200 रुपये बताई गई है, तथा परिवहन में प्रयुक्त एक्टिवा जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
