
आकाश दत्त मिश्रा

मुंगेली, 01 अप्रैल 2026।
जिले में भूमि संबंधी एक बड़े धोखाधड़ी मामले का खुलासा करते हुए सरगांव पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी छगनलाल वर्मा (निवासी बलौदाबाजार) ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन का नामांतरण कर लगभग 15 लाख रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। मामले में थाना सरगांव में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
क्या है पूरा मामला?
प्रार्थी सुनील छाबड़ा, जो डी.आर.एस. फर्म के पार्टनर हैं, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके परिचित के माध्यम से आरोपी से संपर्क हुआ था। वर्ष 2022 में एक इकरारनामा कर भूमि से जुड़े सभी राजस्व कार्य आरोपी को सौंपे गए थे।
जांच में सामने आया कि संबंधित भूमि पहले ही वर्ष 1975 में अन्य व्यक्ति को बेची जा चुकी थी, लेकिन नामांतरण नहीं हुआ था। इसी का फायदा उठाकर आरोपी ने असली जमीन मालिक के साथ मिलकर दोबारा उसी जमीन का फर्जी विक्रय करा दिया।
फर्जी आधार और विक्रयनामा जब्त
पुलिस विवेचना में यह भी सामने आया कि आरोपी ने फर्जी आधार कार्ड का उपयोग कर दस्तावेज तैयार किए। सरगांव पुलिस ने आरोपी से फर्जी विक्रयनामा और आधार कार्ड जब्त किया है।
31 मार्च को हुई गिरफ्तारी
पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने 31 मार्च 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। मामले की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और एसडीओपी के मार्गदर्शन में की गई।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सरगांव सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
