
बिलासपुर। थाना रतनपुर क्षेत्र में राहगीरों को रोककर लूटपाट और चाकू से हमला करने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि 2 विधि से संघर्षरत बालकों को भी पकड़ा गया है। इसके अलावा वाहनों पर पत्थरबाजी करने वाले 2 अन्य आरोपियों को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2026 को प्रार्थी सुमित कुमार रजवाड़े ने थाना रतनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 मार्च की दोपहर वह अपने भतीजे के साथ मोटरसाइकिल से ग्राम कोरबाभांवर जा रहे थे। इसी दौरान जूनाशहर बाईपास रोड के पास बाइक सवार चार युवकों ने उनका रास्ता रोककर शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौच करते हुए मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
इसी तरह एक अन्य मामले में राहुल सिदार ने शिकायत दर्ज कराई कि 29 मार्च की रात शादी से लौटते समय जूनाशहर-लखनी देवी मंदिर मार्ग पर चार अज्ञात युवकों ने रास्ता रोककर पैसे मांगे। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और एक युवक पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए चार संदेहियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस ने इस मामले में मनीष मरावी (21) निवासी अमतरा थाना कोनी और विक्रम मरावी (20) निवासी जूनाशहर थाना रतनपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं, दो विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ बाल न्यायालय में कार्रवाई की गई है।
इसके अतिरिक्त रतनपुर-कोटा मार्ग पर वाहनों पर पत्थरबाजी करने की घटना में भी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सिद्धार्थ धुर्व्रे (20) और उमेन्द्र सिंह (25) निवासी जूनाशहर को गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अंशिका जैन के नेतृत्व में निरीक्षक नीलेश कुमार पाण्डेय, उप निरीक्षक विष्णु यादव, सउनि दिनेश तिवारी सहित अन्य पुलिस कर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।
