
शशि मिश्रा

मुंगेली जिले में एक बड़ा हादसा उस वक्त टल गया, जब शादी से लौट रही एक कार अचानक आग की चपेट में आ गई। गनीमत रही कि गाड़ी में सवार दूल्हा-दुल्हन समेत सभी 7 लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना लालपुर थाना क्षेत्र के बंधवा पुल के पास की है। जानकारी के अनुसार, बेमेतरा जिले के खाती गांव से बारात मुंगेली के मोहतरा गांव आई थी। शादी समारोह के बाद सुबह विदाई हुई और दूल्हा-दुल्हन सहित 7 लोग XUV700 कार से वापस लौट रहे थे।
रास्ते में अचानक कार से धुआं निकलने लगा, जो देखते ही देखते गाड़ी के अंदर भर गया। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे रोक दिया। जैसे ही सभी लोग बाहर निकले, कार में आग तेजी से फैल गई।
कुछ ही पलों में कार पूरी तरह आग की लपटों में घिर गई और जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुका था।
फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। शुरुआती जांच में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
