ऑपरेशन ‘बाज’ में बड़ी कार्रवाई: 41 स्थायी वारंटी गिरफ्तार, जेल ब्रेक आरोपी भी दबोचा


मुंगेली, 14 फरवरी 2026।
जिले में फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भोजराम पटेल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान ‘ऑपरेशन बाज’ के अंतर्गत पांच दिनों के भीतर 41 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालयों में पेश किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों को सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए गए थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मयंक तिवारी एवं उप पुलिस अधीक्षक श्री हरविन्दर सिंह के मार्गदर्शन में साइबर सेल की तकनीकी सहायता और मुखबिर सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।


विभिन्न थाना क्षेत्रों से गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार वारंटियों में—
सिटी कोतवाली मुंगेली – 15
लोरमी – 7
पथरिया – 5
सरगांव – 5
जरहागांव – 4
लालपुर – 2
चिल्फी – 1
चौकी साकेत – 1
खुडिया – 1
इसके अतिरिक्त थाना पथरिया एवं फास्टरपुर-सेतगंगा क्षेत्र के एक-एक स्थायी वारंटी की मृत्यु होने के कारण वारंट अदम तामिल रहा।


जेल ब्रेक आरोपी भी गिरफ्त में
थाना सिटी कोतवाली मुंगेली पुलिस ने वर्ष 2019 में जिला जेल मुंगेली से जेल ब्रेक कर फरार हुए स्थायी वारंटी इंदल उर्फ इंद्रध्वज (निवासी सिलतरा, थाना लोरमी) को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। इसके अलावा चोरी और मारपीट की घटनाओं में शामिल अन्य वारंटियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
अन्य जिलों के वारंटी भी पकड़े गए
अभियान के दौरान जिला रायपुर न्यायालय से जारी दो तथा बिलासपुर न्यायालय से जारी एक स्थायी वारंटी को भी गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालयों में पेश किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई में सभी थाना-चौकी प्रभारियों एवं साइबर सेल टीम की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!