

बिलासपुर। थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत सिम्स अस्पताल परिसर से लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने चोरी की 5 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। मामले में दो अपचारी बालकों को अभिरक्षा में लिया गया है, वहीं चोरी का वाहन खरीदने वाले एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, अस्पताल परिसर से लगातार दोपहिया वाहन चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। इस पर पृथक-पृथक अपराध दर्ज कर जांच की जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में सिटी कोतवाली पुलिस आरोपियों की पतासाजी में जुटी थी।
इसी दौरान 27 जनवरी 2026 को थाना सरकंडा क्षेत्र में वाहन चेकिंग के दौरान दो नाबालिग एक एक्टिवा (CG12-AJ-5669) को नशे की हालत में चलाते पाए गए। वाहन की जांच करने पर वह सिटी कोतवाली थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 48/26 का चोरी का वाहन निकला। संयुक्त टीम (थाना सिटी कोतवाली, सरकंडा एवं एसीसीयू) ने दोनों नाबालिगों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने सिम्स अस्पताल परिसर से कई मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया।
बरामद वाहन
एक्टिवा – CG12-AJ-5669
पल्सर – CG10-AB-4435
एचएफ डीलक्स – CG10-AG-3732
हीरो होंडा पैशन प्रो – CG10-EK-3906
एक काले रंग की एक्टिवा (बिना नंबर)
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हीरो होंडा पैशन प्रो को उन्होंने अल्ताफ उर्फ मोमिन (37 वर्ष), निवासी अशोक नगर मुरूम खदान, खमतराई सरकंडा, बिलासपुर को मात्र 2 हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने खरीददार के खिलाफ धारा 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों ने एक काले रंग की एक्टिवा को नांदघाट, दामाखेड़ा टेमरी मेला क्षेत्र से चोरी करना भी स्वीकार किया है। मेमोरेण्डम कथन के आधार पर सभी 5 मोटरसाइकिलें जब्त कर ली गई हैं। दोनों अपचारी बालकों को विधिवत अभिरक्षा में रखा गया है।
पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन पार्क करते समय सुरक्षा उपायों का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सिटी कोतवाली पुलिस ने कहा है कि अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
