कोरबा में घरेलू विवाद ने लिया खौफनाक रूप, पति हुआ पत्नी की फावड़े से हत्या कर फरार

शशि मिश्रा


कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कटघोरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गायत्री बस्ती में घरेलू विवाद के चलते एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका रंजना यादव की शादी करीब 10 से 12 वर्ष पूर्व तुलसी यादव से हुई थी। शादी के कई वर्षों बाद भी संतान न होने और पत्नी के चरित्र को लेकर पति तुलसी यादव को संदेह रहता था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।


बताया जा रहा है कि रविवार शाम दोनों के बीच एक बार फिर तीखी बहस हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर तुलसी यादव ने घर में रखे फावड़े से रंजना यादव पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट लगने से रंजना मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
परिजन तत्काल उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इधर, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। इस जघन्य वारदात के बाद पूरे गांव में दहशत और सनसनी का माहौल बना हुआ है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!