कोनी पुलिस का अवैध शराब कारोबार पर प्रहार, 55 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, आरोपी गिरफ्तार


बिलासपुर। जिले के कोनी थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 55 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली गगन कुमार के मार्गदर्शन में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 8 फरवरी 2026 को कोनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जलसों निवासी शिवनारायण वर्मा अपने घर के आंगन में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बनाकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहा है।
सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी शिवनारायण वर्मा पिता स्व. सौपतलाल वर्मा (40 वर्ष) निवासी ग्राम जलसों थाना कोनी को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 15-15 लीटर क्षमता वाले चार पीले रंग के प्लास्टिक डिब्बों में भरी कुल 55 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 11 हजार रुपये बताई गई है।
आरोपी शराब रखने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर पुलिस ने शराब जब्त कर छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध करते हुए उसे गिरफ्तार किया। आरोपी को बाद में न्यायालय में पेश किया गया।
कोनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध शराब या अन्य गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी मिले तो तत्काल स्थानीय थाना या डायल 112 पर सूचना दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!