

उज्जैन।
मध्यप्रदेश के उज्जैन में प्रेम प्रसंग का एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां ब्रेकअप का मैसेज मिलने से नाराज युवती अपने प्रेमी को कॉलर पकड़कर सीधे एसपी कार्यालय ले पहुंची। इस घटनाक्रम ने कुछ देर के लिए एसपी ऑफिस को ही हंगामे का केंद्र बना दिया।
जानकारी के अनुसार युवती का कहना है कि वह और युवक पिछले करीब पांच साल से रिलेशनशिप में थे। युवक ने शादी का वादा किया था, लेकिन अब वह मुकर गया है और किसी दूसरी लड़की के कारण उससे दूरी बना रहा है। युवती का आरोप है कि इसी वजह से युवक ने उसे अचानक ब्रेकअप का मैसेज भेज दिया, जिसे वह बर्दाश्त नहीं कर पाई।
बताया जा रहा है कि ब्रेकअप मैसेज पढ़ते ही युवती युवक के पास पहुंची और उसका कॉलर पकड़कर खींचते हुए एसपी कार्यालय ले आई। एसपी ऑफिस परिसर में पहुंचते ही युवती जोर-जोर से आरोप लगाने लगी। इस दौरान मौजूद लोगों ने जब मामला समझने की कोशिश की तो युवती उनसे भी उलझ गई।

घटना के दौरान युवक ने खुद को छुड़ाकर वहां से निकलने की कोशिश की, लेकिन युवती ने उसे पकड़ लिया और “पकड़ो-पकड़ो” चिल्लाने लगी। कुछ देर तक एसपी कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल रहा, जिसे देखकर लोग भी हैरान रह गए।
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने दोनों को शांत कराया और अलग बैठाकर उनकी बात सुनी। पुलिस का कहना है कि यह निजी विवाद है, जिसकी जांच तथ्यों के आधार पर की जा रही है। फिलहाल दोनों पक्षों से बातचीत कर मामले को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।
इस घटना ने शहर में चर्चा का विषय बना दिया है। प्रेम, वादा और ब्रेकअप—इन तीनों के बीच उलझे इस मामले ने यह जरूर साबित कर दिया कि आजकल प्रेम प्रसंग सिर्फ दिल तक सीमित नहीं रहते, बल्कि कभी-कभी सीधे थाने और एसपी ऑफिस तक पहुंच जाते हैं।
