

मुंगेली। जरहागांव थाना क्षेत्र के ग्राम फरहदा में हुए सनसनीखेज हत्या कांड का मुंगेली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। बहन से बातचीत करने की शंका को लेकर हुए विवाद में दो युवकों ने मिलकर 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, घटना 2 फरवरी की रात करीब 10.30 बजे की है। ग्राम फरहदा के खरवोरवा तालाब पार के पास जयपाल उर्फ कल्लू साहू ने अपने साथी हितेश उर्फ हरिओम कश्यप के साथ मिलकर अर्जुन साहू और कोमल साहू पर हमला कर दिया। पहले हाथ-मुक्कों से मारपीट की गई, इसके बाद हितेश कश्यप ने अपने पास रखे बटनदार चाकू से अर्जुन साहू के पेट और हाथ की उंगली पर हमला किया, वहीं कोमल साहू के पेट में चाकू घोंप दिया।
गंभीर रूप से घायल कोमल साहू को जिला अस्पताल मुंगेली ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के पीछे कारण बहन से बातचीत को लेकर पुरानी रंजिश बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना जरहागांव में मर्ग कायम कर हत्या का अपराध पंजीबद्ध किया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देश पर विशेष टीम गठित कर त्वरित विवेचना शुरू की गई।
फॉरेंसिक टीम की सहायता से घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया और हत्या में प्रयुक्त बटनदार चाकू, खून लगे कपड़े एवं मोबाइल फोन जब्त किए गए। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
पुलिस ने आरोपी
1. हितेश उर्फ हरिओम कश्यप (18 वर्ष 10 माह) निवासी बजरंगपारा जरहागांव
2. जयपाल उर्फ कल्लू साहू (20 वर्ष) निवासी ग्राम फरहदा
को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी जरहागांव उप निरीक्षक सत्येन्द्रपुरी गोस्वामी सहित पुलिस स्टाफ एवं साइबर सेल टीम की अहम भूमिका रही।
