

बिलासपुर।
पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनीश सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे चेतना विरुद्ध नशा अभियान के तहत सीपत पुलिस ने ग्राम खांडा में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मौके से 110 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त कर एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है।
थाना सीपत पुलिस को 3 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खांडा में अवैध रूप से कच्ची महुआ शराब बनाई जा रही है और उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर थाना सीपत से टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई। पुलिस ने रेड कार्रवाई के दौरान अंजनी सिदार पति राजेश सिदार, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम खांडा, थाना सीपत को अवैध रूप से महुआ शराब बनाते हुए रंगे हाथ पकड़ा।
आरोपी महिला के कब्जे से कुल 110 लीटर कच्ची महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 22 हजार रुपये बताई जा रही है, जब्त की गई। इसके अलावा शराब निर्माण में उपयोग किए जा रहे उपकरणों में दो नग छोटे-बड़े डेचकी, एलुमिनियम का कोपरा एवं उसमें लगा पाइप भी पुलिस ने जब्त किया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(1)(क)(च) एवं 34(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि अवैध नशे के खिलाफ सीपत थाना क्षेत्र में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
