
यूनुस मेमन

रतनपुर। आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रतनपुर थाना द्वारा ग्राम सीस (बेलतरा) में साइबर जागरूकता एवं यातायात पाठशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम थाना प्रभारी निरीक्षक निलेश पाण्डेय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ, जिसमें ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचने के उपाय और यातायात नियमों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात नंबरों से आने वाले कॉल, लिंक या ओटीपी साझा करने से बचें। फर्जी लोन ऐप, निवेश के नाम पर होने वाली ठगी तथा पार्ट टाइम जॉब के झांसे में न आएं। सोशल मीडिया पर अनजान लोगों की फ्रेंड रिक्वेस्ट और वीडियो कॉल फ्रॉड से भी सतर्क रहने की सलाह दी गई। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।
यातायात जागरूकता सत्र में दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट पहनने की अनिवार्यता बताई गई। साथ ही शराब पीकर वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग न करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को वाहन नहीं सौंपने की अपील की गई।
थाना प्रभारी निलेश पाण्डेय ने कहा कि साइबर अपराध और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से थाना रतनपुर द्वारा इस प्रकार की जागरूकता पाठशालाएं स्कूलों, कॉलेजों एवं सार्वजनिक स्थानों पर नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि “थोड़ी सी सावधानी साइबर ठगी और सड़क दुर्घटना दोनों से बचा सकती है।”
