
बिलासपुर। चकरभाठा थाना पुलिस ने रहंगी चौक के पास धारदार छुरी लहराकर आम लोगों में दहशत फैलाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक धारदार छुरी बरामद कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को सूचना मिली कि रहंगी चौक के पास एक युवक हाथ में धारदार छुरी लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार छुरी बरामद हुई, जिसे जब्त कर लिया गया। आरोपी की पहचान राहुल दास मानिकपुरी उर्फ राजा (19 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक-14, चकरभाठा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
चकरभाठा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या डायल-112 पर दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
