

बिलासपुर। रतनपुर क्षेत्र के ग्राम पचरा में एक मगरमच्छ की करंट लगने से मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद उसका शव पास के दूसरे तालाब में फेंक दिया गया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
वन विभाग के अनुसार, रतनपुर से करीब 10 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम पचरा के एक तालाब में मछली पालन किया जा रहा है। आशंका है कि मछली पालकों को मगरमच्छ द्वारा मछलियों के शिकार की चिंता थी। इसी कारण तालाब में कथित तौर पर करंट प्रवाहित किया गया, जिसकी चपेट में आने से मगरमच्छ की मौत हो गई।
घटना की सूचना पर कानन पेंडारी की रेस्क्यू टीम और वन्य चिकित्सक डॉ. पी.के. चंदन मौके पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में मगरमच्छ की मौत करंट लगने से होने की पुष्टि हुई है।
वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
