
यूनुस मेमन

रतनपुर। रतनपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत चापीडेम के पचरा गांव में रविवार को करीब 8 फीट लंबा मगरमच्छ मृत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृत मगरमच्छ की अनुमानित उम्र लगभग 6 वर्ष बताई जा रही है।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। निरीक्षण के दौरान मगरमच्छ के शरीर पर चोट के निशान पाए गए, जिससे उसकी मौत के कारणों को लेकर संदेह की स्थिति बनी हुई है। वन विभाग ने मगरमच्छ का पोस्टमार्टम कराया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के डिप्टी रेंजर प्रकाश सिंह छतरी भी घटनास्थल पहुंचे और अधिकारियों के साथ पूरे मामले का निरीक्षण किया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वन विभाग द्वारा पचरा गांव में ही मगरमच्छ का अंतिम संस्कार किया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि मगरमच्छ की मौत के कारणों की जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
