

बिलासपुर। स्कूली बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस बिलासपुर ने जिले के शासकीय, अर्धशासकीय और निजी विद्यालयों के प्रबंधकों एवं प्राचार्यों की बैठक आयोजित की। बैठक में पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने सड़क सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान यातायात पुलिस द्वारा तैयार ‘यातायात दिग्दर्शिका’ पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
बैठक में एसएसपी ने स्कूल प्रबंधन को उच्चतम न्यायालय की स्कूल परिवहन संबंधी 18 सूत्रीय गाइडलाइन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सुरक्षित आवागमन, स्कूल परिवहन व्यवस्था और परिसर की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
प्राचार्यों और प्रबंधकों को स्कूल परिसर तथा उसके आसपास किसी भी संदिग्ध या असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल संबंधित थाना पुलिस को देने की सलाह दी गई। साथ ही स्कूलों के 100 मीटर के दायरे में कोटपा एक्ट के तहत तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में यह भी कहा गया कि नाबालिग विद्यार्थियों द्वारा मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों के दुरुपयोग पर निगरानी रखी जाए, ताकि वे किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधियों या साइबर अपराध का शिकार न हों।
यातायात पुलिस ने सभी स्कूलों को निर्देशित किया कि विद्यालय में प्रमुख स्थान पर एक संदेश पटल लगाया जाए, जिसमें सड़क दुर्घटनाओं के कारण, सुरक्षा नियम, यातायात संबंधी कानूनी प्रावधान, जुर्माने और दंड की जानकारी प्रदर्शित की जाए। इससे विद्यार्थी और अभिभावक सड़क सुरक्षा के प्रति अधिक जागरूक हो सकेंगे।
कार्यक्रम की विशेष उपलब्धि यातायात पुलिस द्वारा तैयार ‘यातायात दिग्दर्शिका’ पुस्तिका का विमोचन रहा। इस पुस्तिका के आधार पर जिले के सभी स्कूलों में प्रत्येक शनिवार ‘यातायात की पाठशाला’ आयोजित की जाएगी, जिसमें छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावकों को भी सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों और दुर्घटना से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, सीएसपी कोतवाली गगन कुमार, सीएसपी सिविल लाइन निमितेश सिंह, डीएसपी शिवचरण परिहार, आरआई भूपेंद्र गुप्ता सहित जिलेभर के 350 से अधिक स्कूल प्रबंधक और प्राचार्य उपस्थित रहे।
