
बिलासपुर। सिटी कोतवाली पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को 55 नग नाइट्राजेपाम (Nitrazepam) नशीली टैबलेट के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और बिक्री की नकदी भी जब्त की है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज कुमार पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
14 जुलाई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ज्वाली नाला के पास एक युवक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल पर बैठकर नशीली दवाइयों की बिक्री करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 55 नग नाइट्राजेपाम टैबलेट, पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-10/W-2556 तथा 830 रुपये बिक्री की रकम बरामद हुई। पुलिस ने सभी सामान को जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निकेश कौशिक उर्फ वासू (25 वर्ष), निवासी दरबार लॉज के पास, शिव मंदिर, तेलीपारा, थाना सिटी कोतवाली, बिलासपुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(B), 22(B) एवं 29 के तहत अपराध दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में केवल आरोपी की गिरफ्तारी तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी। नशीले पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला, आर्थिक लेन-देन (फाइनेंशियल इन्वेस्टिगेशन) और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके विरुद्ध भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
