
बिलासपुर। हांगकांग में 4 से 7 जुलाई तक आयोजित लायंस इंटरनेशनल के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में विश्व के 210 देशों से आए प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सम्मेलन में डिस्ट्रिक्ट 3233-सी के गवर्नर एमजेएफ लायन रिपुदमन सिंह पुसरी के नेतृत्व में बिलासपुर के प्रतिनिधिमंडल ने भी सहभागिता दर्ज कराई।
सम्मेलन में बिलासपुर से अमरजीत दुआ, अरविंद दीक्षित, देवेंद्र टुटेजा, राकेश पांडेय, असीतपाल सिंह जुनेजा तथा पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिलीप भंडारी शामिल हुए। इस दौरान विश्वभर के 700 से अधिक डिस्ट्रिक्ट गवर्नरों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
सम्मेलन में विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों ने सेवा कार्यों, सामाजिक परियोजनाओं और संगठनात्मक गतिविधियों से जुड़े अनुभव साझा किए। बिलासपुर के प्रतिनिधियों ने बताया कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन वैश्विक स्तर पर संचालित सेवा कार्यों को समझने और नए विचारों को अपनाने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हैं।
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार सम्मेलन से प्राप्त अनुभवों का लाभ जिले के लायंस क्लबों की गतिविधियों में भी मिलेगा और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में नई पहल तथा नवाचार को बढ़ावा मिलेगा।
