
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में जुआ खेलने के लिए रुपये नहीं देने पर पति द्वारा पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पति ने पहले पत्नी का गला दबाया, फिर उसका सिर दीवार से पटक दिया और पेचकस दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार तालापारा मिनीमाता नगर निवासी किरण दिवाकर (20) रोजी-मजदूरी कर अपने दो बेटों और एक बेटी का पालन-पोषण करती हैं। महिला का आरोप है कि उसका पति परसन दिवाकर शराब पीने का आदी है और आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर उसने करीब दो माह पहले भी पति के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसका मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बाद से दोनों के बीच बातचीत बंद थी।
पीड़िता के मुताबिक रविवार रात करीब 11:30 बजे वह बच्चों के साथ सो रही थी। इसी दौरान उसका पति घर पहुंचा और जुआ खेलने के लिए एक हजार रुपये मांगने लगा। पैसे नहीं होने की बात कहने पर उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी ने पत्नी का गला दबाया, मारपीट की और उसका सिर दीवार से पटक दिया।
महिला की चीख-पुकार सुनकर उसकी जेठानी लक्ष्मी दिवाकर और बेटी कामनी दिवाकर बीच-बचाव के लिए पहुंचीं। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने पेचकस उठाकर पत्नी को जान से मारने की धमकी दी। जान बचाने के लिए महिला भागकर अपनी जेठानी के घर में छिप गई।
पीड़िता का कहना है कि बाद में जब वह अपनी सास को आवाज देने बाहर निकली तो आरोपी ने उसे फिर जमीन पर पटककर मारपीट की। घटना के बाद महिला अपने बच्चों के साथ सिविल लाइन थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
