
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक चाय दुकानदार के साथ अपहरण, मारपीट और लूट का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश के चलते युवक को अगवा कर खंडहरनुमा मकान में ले जाकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने तथा दो मोबाइल फोन और 5 हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
तालापारा मिनीमाता नगर निवासी पीकेश उर्फ भोला रात्रे (21) इनकम टैक्स कार्यालय के पास चाय की दुकान संचालित करता है। पीड़ित ने बताया कि रविवार रात दुकान बंद कर घर लौटने के बाद वह करीब 11:30 बजे टहलने निकला था। इसी दौरान घोड़ादाना स्कूल के पास पहले से मौजूद सोहेल खान और उसके साथियों ने उसे रोक लिया।
आरोपियों ने उस पर आदित्य बिडीकर के साथ मिलकर उनका वीडियो बनाने का आरोप लगाया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए बाइक की चेन से उसकी पिटाई की, जिससे उसकी पीठ, बाएं हाथ की कलाई और उंगली में चोटें आईं।
आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपी उसे जबरन बाइक पर बैठाकर अशोक नगर स्थित एक खंडहरनुमा मकान में ले गए, जहां उसके साथ फिर मारपीट की गई। पीड़ित किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर निकला और सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसकी जेब में रखे दो मोबाइल फोन और चाय दुकान की बिक्री के करीब 5 हजार रुपये भी छीन लिए। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
