
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना पुलिस ने कोयला कारोबार में करीब 30 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में कोलकाता के एक कारोबारी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार तिफरा स्थित रामा वर्ल्ड कॉलोनी निवासी आलोक अग्रवाल, प्रोपराइटर महालक्ष्मी कोल कॉरपोरेशन, ने शिकायत दर्ज कराई है कि वर्ष 2022 से उनका कोलकाता निवासी मोहम्मद राजी अहमद खान उर्फ राजू खान, प्रोपराइटर अर्श राजा ट्रेडिंग फर्म, के साथ कोयले का कारोबार चल रहा था।
शिकायत के मुताबिक आरोपी ने 21 मार्च 2023 से 13 अप्रैल 2024 के बीच क्रेडिट पर कोयला खरीदा, लेकिन बार-बार मांग करने के बावजूद करीब 30 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी ने जानबूझकर राशि का भुगतान नहीं कर आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
शिकायत के आधार पर सिरगिट्टी थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
