
यूनुस मेमन

रतनपुर। शहीद नूतन सोनी शासकीय बालक पूर्व माध्यमिक शाला रतनपुर में शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं स्वागत कर नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत की गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में वार्ड पार्षद मनोज पाटले शामिल हुए। उन्होंने बच्चों को पाठ्य पुस्तक एवं गणवेश का वितरण करते हुए तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बच्चों से नियमित पढ़ाई कर अपने लक्ष्य को हासिल करने का आह्वान किया।
प्रधान पाठक सीमा मरावी ने शाला प्रवेशोत्सव के उद्देश्य एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं शाला के प्राचार्य आशा दत्ता ने अपने अनुभव साझा करते हुए बच्चों को अनुशासन और नियमित अध्ययन के महत्व के बारे में बताया।
इस अवसर पर शिक्षक मो. अनवर खान, परमेश्वर पटेल, अजय गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अजय गुप्ता ने किया।
