
यूनुस मेमन

रतनपुर। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कलमीटार से युवक के अपहरण और फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार कल दोपहर करीब 3 बजे तीन युवकों ने ग्राम कलमीटार निवासी घनश्याम पाटले पिता शिवकुमार पाटले (21 वर्ष) को अपने साथ लेकर चले गए।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक को कोरबा क्षेत्र के भंवर जंगल की ओर ले गए, जहां उसके गले में चाकू लगाकर डराया-धमकाया गया और उसकी फोटो खींची गई। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसके पास गांजा रखकर भी फोटो ली और उसे परिजनों को भेज दिया। फोटो भेजने के बाद आरोपियों ने खुद को पुलिस से जुड़ा बताते हुए युवक को पाली थाना पुलिस द्वारा पकड़े जाने की बात कही और उसे छुड़ाने के एवज में 50 हजार रुपये की मांग की।
परिजनों द्वारा रुपये की व्यवस्था करने की बात कहने पर आरोपियों ने उन्हें दो-तीन अलग-अलग स्थानों पर बुलाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही 112 टीम ने रतनपुर पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद रतनपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपियों की घेराबंदी शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महामाया हेलीपैड के पास से दो आरोपियों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों में इशांत सारथी पिता बिरन सारथी उम्र 18 वर्ष शामिल है, वहीं एक नाबालिग आरोपी को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। जबकि घटना में शामिल एक अन्य आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।
रतनपुर पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस घटना के पीछे कोई और लोग तो शामिल नहीं हैं। वहीं क्षेत्र के कुछ आदतन अपराधियों के इस मामले से जुड़े होने की संभावना भी जताई जा रही है, जिसकी जांच पुलिस कर रही है।
