

बिलासपुर। मस्तूरी थाना क्षेत्र के मल्हार चौकी अंतर्गत ग्राम बैटरी में दो पक्षों के बीच चल रहे विवाद और तनाव को देखते हुए पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच लगातार आरोप-प्रत्यारोप और विवाद से गांव का माहौल खराब हो रहा था।
पुलिस के अनुसार, 24 जून 2026 को ग्राम बैटरी निवासी जवाहरलाल कश्यप ने हनुमान प्रसाद, बाबूलाल, दयाराम सहित अन्य लोगों के खिलाफ मारपीट और विवाद की शिकायत दर्ज कराई थी, जिस पर अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से हनुमान प्रसाद वर्मा ने जवाहर कश्यप, जीवन कश्यप, दुष्यंत कश्यप और प्रेमचंद पांडे के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
दोनों पक्षों की शिकायतों पर कार्रवाई के बावजूद गांव में लगातार विवाद और तनाव की सूचना मिल रही थी। स्थिति को देखते हुए गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मल्हार पुलिस ने दोनों पक्षों के सात लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।
प्रतिबंधात्मक कार्रवाई जिन लोगों पर की गई, उनमें बाबूलाल वर्मा (53), नंदकुमार वर्मा (40), रामरतन वर्मा (45), मधुसूदन कश्यप (54), दुष्यंत कश्यप (40), राजेश्वर उर्फ राजा (34) और प्रेमचंद पांडे (40) शामिल हैं। सभी ग्राम बैटरी, चौकी मल्हार के निवासी हैं।
पुलिस ने बताया कि गांव में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए यह कार्रवाई की गई है।
