

बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर गुरुवार को बिलासपुर पुलिस ने जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में रैली एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य युवाओं और आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभाव से अवगत कराकर नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।

भारत सरकार के 17 जून से 26 जून तक आयोजित ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ के समापन दिवस पर जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता रैलियां निकालीं। राजपत्रित अधिकारियों ने भी थाना प्रभारियों के साथ अभियान में भाग लेते हुए लोगों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया।
रैली के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी तथा स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ केवल कानूनी कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जनजागरूकता भी उतनी ही आवश्यक है।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह, रक्षित निरीक्षक भूपेन्द्र कुमार गुप्ता, निरीक्षक देवेश सिंह, निरीक्षक रवींद्र अनंत, निरीक्षक नीलेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
बिलासपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार और समाज को भी नशामुक्त बनाने में सहयोग करें तथा किसी भी प्रकार के नशे से संबंधित गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
