
बिलासपुर। नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी करते एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबारियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 24 जून 2026 को रतनपुर पुलिस को सूचना मिली कि एक व्यक्ति कलमीटार भट्ठी क्षेत्र से बड़ी मात्रा में देशी शराब लेकर मोटरसाइकिल से कोटा की ओर बिक्री के लिए जा रहा है।
सूचना के आधार पर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम कलमीटार रोड पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार नवीन साहू (19 वर्ष) निवासी लारीपारा, थाना कोटा को पकड़ा गया।
तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 40 पाव देशी प्लेन शराब (कुल 7.200 लीटर) बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 3,200 रुपये बताई गई है। पुलिस ने शराब के साथ परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि आरोपी रतनपुर क्षेत्र से शराब लेकर लारीपारा, कोटा की ओर जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक कौशलराम खुंटे, आरक्षक धनराज कुम्भकार एवं आकाश डोंगरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
