

सक्ति में पूर्णिमा चौहान नाम की 25 वर्षीय युवती की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार सुबह बाइक में सवार होकर दो युवक पूर्णिमा चौहान के घर पहुंचे थे। उनकी बाइक में नंबर प्लेट भी नहीं था। दोनों मुंह पर सफेद गमछा बांधे हुए थे। एक गन लेकर अंदर घुसा और दूसरा बाहर खड़ा रहा। बदमाश ने परिवार वालों से युवती के बारे में पूछताछ की। जब पूर्णिमा बाहर निकली तो करीब से उस पर तीन राउंड फायरिंग कर दी गई। पूर्णिमा के सर और शरीर के अन्य हिस्सों में गोली लगी। फायरिंग के बाद दोनों मौके से भाग गए। पूरा मामला सक्ति थाना क्षेत्र के जोगड़ गांव का है। पूर्णिमा प्राइवेट कंपनी में जॉब करती थी।

घायल पूर्णिमा को तत्काल अस्पताल ले जाया गया लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। ग्राम जोगड़ा निवासी पूर्णिमा चौहान पिछले 4 सालों से स्वामिनी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में सेल्स का काम कर रही थी। पूर्णिमा की शादी रायगढ़ जिले में हुई थी लेकिन रिश्ता टूटने के बाद वह 2 साल से अपने मायके में ही रह रही थी। शुक्रवार सुबह करीब 11:00 बजे दो युवक बाइक से पहुंचे थे। एक ने पूर्णिमा के बारे में पूछा और जैसे ही पूर्णिमा बाहर निकली उसे पर गोली चला दी गई । पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के अलावा सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है। हालांकि पुलिस इस वारदात के पीछे की वजह अब तक नहीं जान पाई है । पुलिस को यह भी नहीं पता कि इसमें शामिल आरोपी कौन है, लेकिन सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है। वही दिनदहाड़े गोली चलाकर हत्या करने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
