
शशि मिश्रा
बिलासपुर। जिले में जल्द ही नए सीएचसी की स्थापना होगी। मस्तुरी क्षेत्र के पचपेड़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र स्थापित करने की स्वीकृति मिल गई है, स्वास्थ्य विभाग अब भवन के लिए शासन को पत्र लिख रहा है, जिसके बाद जिले के 4 ब्लॉकों के बाद पचपेड़ी में भी लोगों को स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेगी।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार करीब – 40 किमी दूर स्थित पचपेड़ी क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के जरिए स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराया जा रहा है। मस्तूरी ब्लॉक के अंतर्गत पड़ने वाले इस पीएससी में स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव रहता है, डाक्टर की कमी के चलते कई बार ताला लग जाता है। ऐसे में बिलासपुर जिले के सिम्स और जिला अस्पताल में इलाज कराना पड़ता है, इस दौरान दूरी अधिक होने के कारण मरीजों को जान का खतरा बना रहता है। स्वास्थ्य विभाग ने हाल ही में पचपेड़ी में भी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खोलने का प्रस्ताव भेजा था, जिसे स्वीकृति मिल गई है। वर्तमान में पीएससी की बिल्डिंग मौजूद है लेकिन इस बिल्डिंग में सीएचसी अस्पताल नहीं चलाया जा सका है ऐसे में जल्द ही बिल्डिंग बनाई जाएगी, औपचारिक तौर पर मस्तूरी सीएचसी से डाक्टर और नर्स की ड्यूटी लगाई जा रही है।
7 डाक्टर सहित 20 का स्टाफ होगा मौजूद
पचपेड़ी में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र खुलने के बाद 7 डाक्टर सहित 20 का स्टाफ मौजूद होगा। अस्पताल में सर्जिकल, मेडिकल, स्त्रीरोग, शिशुरोग, निश्चेतना, दंत जैसे रोगों के लिए विशेषज्ञ डाक्टर की पदस्थापना की जाएगी। साथ ही एक चिकित्सा अधिकारी और खंड चिकित्सा अधिकारी भी पदस्थ रहेंगें। नर्सिंग सिस्टर, लैब टैक्निशियन, रेडियोग्राफर, ओटी टैक्निशियन, स्टाफ नर्स और दंत सहायक की भर्ती की जाएगी।
