
यूनुस मेमन

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र के रानीगांव के पास बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान रतनपुर के बुधवारीपारा निवासी परदेसी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 24 जून की सुबह करीब 3 बजे रानीगांव के पास किसी अज्ञात वाहन ने परदेसी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी गंभीर थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतनपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक अकेले रहता था। उसके परिजनों का पता लगाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसके बाद स्थानीय बस्तीवासियों के सहयोग से उसके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

रतनपुर पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और अज्ञात वाहन तथा उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच कर दुर्घटना के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
