
यूनुस मेमन

बिलासपुर। जिले में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रतनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शराब कोचियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 पाव देशी प्लेन शराब (करीब 5.4 लीटर) तथा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, गांजा और अन्य मादक पदार्थों के कारोबारियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं एसडीओपी कोटा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक विष्णु यादव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी।
18 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति रानीगांव शराब भट्ठी से भारी मात्रा में देशी प्लेन शराब मोटरसाइकिल के जरिए बिक्री के लिए लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खंडोबा मंदिर के पास घेराबंदी कर कार्रवाई की।
पुलिस ने ग्राम मोहदा निवासी प्रमोद यादव (37 वर्ष) और मोहन निर्मलकर (40 वर्ष) को पकड़कर उनके कब्जे से 30 पाव देशी प्लेन शराब, जिसकी कीमत लगभग 2,400 रुपये बताई गई है, बरामद की। साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विष्णु यादव, प्रधान आरक्षक सैय्यद अकबर अली, आरक्षक देवानंद चंद्राकर एवं हरीशंकर चंद्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
