

बिलासपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए बिलासपुर यातायात पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया है। वर्ष 2026 के पहले पांच महीनों में शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 2021 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई है, जबकि 1000 से अधिक चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
यातायात पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) रामगोपाल करियारे के मार्गदर्शन में लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाना, बिना हेलमेट और सीट बेल्ट वाहन चलाना, ट्रिपल सवारी, मोबाइल फोन का उपयोग करते हुए ड्राइविंग, गलत दिशा में वाहन चलाना, फर्जी नंबर प्लेट लगाना और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार जनवरी से अब तक शराब सेवन कर वाहन चलाने वाले 2021 चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई कर मामलों को न्यायालय भेजा गया, जहां आरोपियों पर जुर्माना लगाया गया। वहीं हेलमेट और सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी नियमित चालानी कार्रवाई जारी है। आईटीएमएस (ITMS) के माध्यम से भी नियम उल्लंघन करने वालों पर ऑनलाइन चालान जारी किए जा रहे हैं।
यातायात पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों की समीक्षा में यह तथ्य सामने आया है कि शाम 6 बजे से रात 12 बजे के बीच सबसे अधिक सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। इसे देखते हुए इस अवधि में विशेष चेकिंग अभियान चलाकर निगरानी और कार्रवाई बढ़ा दी गई है।
पुलिस ने बताया कि तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाना, नशे की हालत में ड्राइविंग, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करना दुर्घटनाओं के प्रमुख कारण हैं। इसके अलावा स्टंटबाजी, हुल्लड़बाजी, ट्रिपल राइडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, हूटर, प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाने, रॉन्ग साइड ड्राइविंग, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने और अन्य गंभीर उल्लंघनों के मामलों में लाइसेंस निलंबन एवं निरस्तीकरण का प्रावधान है। इसी के तहत पिछले पांच महीनों में 1000 से अधिक वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय धैर्य, संयम और सतर्कता बरतें तथा यातायात नियमों और सुरक्षा मानकों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
