
बिलासपुर। चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम सेंवार रोड पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने एक हाउसकीपिंग कर्मी को रोककर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पीड़ित से स्कूटी और नकदी लूट ली तथा बाद में चाकू दिखाकर धमकाने लगे। इसी दौरान सामने से आ रही कार की रोशनी पड़ते ही तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए।
ग्राम सेंवार निवासी सुनील यादव मंगलवार रात करीब 10:30 बजे अपनी स्कूटी क्रमांक सीजी 10 ईडी 9432 से घर लौट रहे थे। रास्ते में तीन अज्ञात बाइक सवार युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोपियों ने उनकी जेब से नगदी निकाल ली और स्कूटी भी छीन ली।
वारदात के दौरान बदमाशों ने सुनील यादव की पहचान देखी और चाकू निकालकर उन्हें डराने-धमकाने लगे। इसी बीच सड़क पर एक कार आ गई, जिसकी रोशनी देखकर तीनों आरोपी घबरा गए और मौके से भाग निकले।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
