

राजधानी रिपोर्टर/सौरभ साहू
दिनांक 19/06/2026,
शिवनंदनपुर जिला सूरजपुर छत्तीसगढ़
सूरजपुर।जिले के शिवनंदनपुर नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद के चुनाव में कांग्रेस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी अंशुल गोयल ने रोमांचक मुकाबले में भाजपा प्रत्याशी प्रशांत अग्रवाल को एक वोट से पराजित कर नगर पंचायत उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मतदान में अंशुल गोयल को 8 मत प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी प्रशांत अग्रवाल को 7 मत मिले। मतदान के दौरान एक मत निरस्त घोषित किया गया। इस प्रकार अंशुल गोयल ने एक वोट के अंतर से जीत दर्ज कर कांग्रेस खेमे में उत्साह का संचार कर दिया।
गौरतलब है कि नगर पंचायत अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी की जीत के बाद उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज थीं। ऐसे में कांग्रेस प्रत्याशी अंशुल गोयल की जीत को स्थानीय राजनीति में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
उपाध्यक्ष पद पर निर्वाचित होने की घोषणा होते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की, एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया तथा नव निर्वाचित उपाध्यक्ष अंशुल गोयल को पुष्पमालाएं पहनाकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर अंशुल गोयल ने नगरवासियों और पार्षदों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सभी के सहयोग और विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे तथा नगर के विकास, मूलभूत सुविधाओं के विस्तार और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देंगे।
शिवनंदनपुर नगर पंचायत में उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस की इस जीत को क्षेत्र की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के रूप में देखा जा रहा है, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है।
