एसपी कार्यालय में हंगामा करने वाला युवक गिरफ्तार, जेल भेजा गया

शशि मिश्रा

जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के आरोप में एक युवक को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, 1 जून 2026 को दोपहर करीब 2:30 बजे ग्राम सेमरा, थाना नवागढ़ निवासी पंकज कुमार चौबे (34 वर्ष) एसपी कार्यालय स्थित अजाक-जवाक शाखा पहुंचा। उसने एक आवेदन प्रस्तुत कर तत्काल पावती देने की मांग की। ड्यूटी पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी द्वारा आवेदन पढ़ने के बाद पावती देने की बात कहने पर वह नाराज हो गया।

आरोप है कि युवक ने कार्यालय स्टाफ से अभद्र व्यवहार करते हुए अश्लील गालियां दीं और हंगामा शुरू कर दिया। शोर-शराबा सुनकर पहुंचे अन्य अधिकारी-कर्मचारियों के साथ भी उसने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की की। साथ ही कर्मचारियों को झूठे मामलों में फंसाने की धमकी भी दी।

मामले की सूचना पर सिटी कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 405/2026 दर्ज किया। उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 221, 121(1), 132, 296 एवं 351(3) के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

कार्रवाई में उप निरीक्षक कमल दास बनर्जी, प्रधान आरक्षक राकेश तिवारी तथा आरक्षक नितेश विश्वकर्मा, शंकर राजपूत, दिलीप सिंह और तोरन डहरिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!