नाबालिग से बलात्कार के मामले में आरोपी का साथी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार

शशि मिश्रा

जांजगीर-चांपा।
थाना नवागढ़ पुलिस ने एक नाबालिग बालिका के साथ हुए अनाचार के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी के सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि मामले का मुख्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश सरगर्मी से की जा रही है।

वीडियो वायरल करने की धमकी देकर किया अनाचार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरार मुख्य आरोपी ने पीड़िता के फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ जबरन अनाचार (दुष्कर्म) किया। वारदात यहीं नहीं रुकी; बीती 19 मई 2026 की रात मुख्य आरोपी अपने दोस्त आनंद चौहान के साथ पीड़िता के घर पहुंचा और उसे बाहर बुलाने लगा। जब पीड़िता ने बाहर आकर इसका विरोध किया, तो मुख्य आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और मौके से भाग निकला।

पॉक्सो और बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज

पीड़िता की रिपोर्ट पर नवागढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध क्रमांक 169/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(2), 3(5) और पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धारा 4 व 6 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

सहयोगी आरोपी गिरफ्तार, मुख्य की तलाश जारी

नाबालिग से जुड़े इस संवेदनशील मामले को गंभीरता से लेते हुए नवागढ़ पुलिस ने घेराबंदी कर सहयोगी आरोपी आनंद कुमार चौहान (उम्र 19 वर्ष, निवासी पथर्रा, थाना नवागढ़) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने मुख्य आरोपी की मदद करने का जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की लगातार पतासाजी की जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस त्वरित और सराहनीय कार्रवाई में नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पांडे, सहायक उप निरीक्षक नजीर हुसैन सहित थाना स्टाफ की मुख्य भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!