

बिलासपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यकारिणी के विस्तार के तहत नए पदाधिकारियों और कार्यसमिति सदस्यों की घोषणा की गई है। इस सूची में बिलासपुर के मोनू वाजपेई को प्रदेश कार्य समिति सदस्य नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद बिलासपुर भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
पुराना पावर हाउस निवासी मोनू वाजपेई लंबे समय से भारतीय जनता पार्टी और भारतीय जनता युवा मोर्चा के सक्रिय एवं जमीनी कार्यकर्ता के रूप में संगठन में कार्य कर रहे हैं। इससे पहले वे भाजयुमो पूर्वी मंडल महामंत्री की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। संगठनात्मक कार्यों में उनकी सक्रियता और समर्पण को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें प्रदेश कार्य समिति सदस्य जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
भाजपा कार्यकर्ताओं का मानना है कि संगठन में लंबे समय से सक्रिय भूमिका निभाने वाले मोनू वाजपेई को मिली यह जिम्मेदारी न केवल उनके कार्यों का सम्मान है, बल्कि इससे बिलासपुर जिले में संगठन को और अधिक मजबूती मिलेगी। युवा कार्यकर्ताओं को भी उनके अनुभव और नेतृत्व का लाभ मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले घोषित प्रदेश कार्यकारिणी की सूची में गौरी गुप्ता को प्रदेश उपाध्यक्ष, सनी केसरी को प्रदेश मंत्री तथा रोशन सिंह को प्रदेश कार्य समिति सदस्य बनाया गया था। अब मोनू वाजपेई के नाम की घोषणा के साथ बिलासपुर से प्रदेश स्तर पर प्रतिनिधित्व और मजबूत हो गया है।
मोनू वाजपेई की नियुक्ति पर भाजपा और भाजयुमो के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया है कि वे संगठन की अपेक्षाओं पर खरे उतरेंगे और प्रदेश नेतृत्व के मार्गदर्शन में युवा मोर्चा को और अधिक सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नई जिम्मेदारी मिलने पर मोनू वाजपेई ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व और प्रदेश संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे तथा पार्टी की रीति-नीति और संगठन के विस्तार के लिए पूरी क्षमता से कार्य करेंगे।
