
शशि मिश्रा

मुंगेली। शहर के व्यस्ततम मार्ग पड़ाव चौक के पास स्थित मोबाइल शॉप में लगी आग लगने से आसपास के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगने की संभावना जताई जा रही है। घटना में दुकान के भीतर रखे मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य सामान जलकर खाक हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम में आग लगते ही दुकान से धुआं और तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती रही। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के लगभग 20 से 30 मिनट बाद तक भी दमकल वाहन मौके पर नहीं पहुंच पाया था, जिससे लोगों में नाराजगी देखी गई। व्यापारियों का कहना है कि यदि समय पर फायर बिग्रेड पहुंच जाती तो नुकसान कम हो सकता था। हालांकि लगभग आधे घंटे बाद फायर बिग्रेड पहुंची। घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र
हो गए। आग की वजह से क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं मिली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी बताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों ने शहर की अग्निशमन व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने की मांग उठाई है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर तत्काल नियंत्रण पाया जा सके।
