

मुंगेली। ग्राम हेडसपुर में आयोजित चुलमाटी कार्यक्रम के दौरान बैंड बजाने को लेकर हुए विवाद में युवक पर चाकू से हमला करने वाले आरोपी को मुंगेली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त नुकीला चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, धनगांव (च) निवासी शिवदास पात्रे ने सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 जून 2026 को वह अपनी बैंड पार्टी के साथ ग्राम हेडसपुर में आयोजित चुलमाटी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब बैंड पार्टी वापस लौटने की तैयारी कर रही थी, तभी हेडसपुर निवासी महेंद्र जांगड़े दोबारा बैंड बजाने की जिद करने लगा। मना करने पर उसने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और अपने पास रखे नुकीले चाकू से शिवराज पात्रे के पेट के दाहिने हिस्से में वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवराज पात्रे को तत्काल जिला अस्पताल मुंगेली में भर्ती कराया गया।

मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 188/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने त्वरित जांच करते हुए आरोपी महेंद्र जांगड़े (24 वर्ष), निवासी हेडसपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने घटना के बाद चाकू अपने घर के आंगन में मिट्टी के नीचे छिपा दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर उसे विधिवत जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, प्रधान आरक्षक भानु प्रकाश सहारे, नवीन जांगड़े, सहायक उपनिरीक्षक भानुप्रताप बर्मन तथा आरक्षक दीप खूंटे, अजय चंद्राकर, योगेश यादव और विकास ठाकुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
