थाने में बिठाकर दो कबाड़ियों को चाय पिलाना पड़ा महंगा, दो पुलिसकर्मी हुए लाइन अटैच

शशि मिश्रा

थाने में कबाड़ियों को वीआईपी ट्रीटमेंट देने के आरोप में दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच कर दिए गए हैं । दरअसल एक दिन पहले ही एसएसपी रजनेश सिंह ने बिलासपुर में बढ़ते हुए अवैध कबाड़ कारोबार को लेकर सख्त कार्यवाही के निर्देश दिए थे , जिसके बाद शनिवार को 40 से अधिक कबाड़ कारोबारियो के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई।

लेकिन इसी दौरान कोनी थाने से एक तस्वीर सामने आई जिसने विभाग की किरकिरी कर दी। कोणी थाना क्षेत्र के अवतार पैलेस के सामने कबाड़ दुकान चलाने वाले संचालक अकबर खान और उसका साथी कोनी थाने में पुलिस कर्मियों के सामने कुर्सी पर बैठकर चाय की चुस्कियां लेते नजर आए। आरोप है कि प्रधान आरक्षक बालेश्वर तिवारी और आरक्षक अनुज जांगड़े ने अपनी खास पहचान की वजह से कबाड़ियों को थाने में बुलाकर कार्रवाई करने की जगह उनसे रिश्ते निभाए और उन्हें वीआईपी ट्रीटमेंट दिया। इससे विभाग की छवि धूमिल हुई।

कहने को तो अकबर खान के खिलाफ BNS की धारा 170 के तहत कार्यवाही की गई लेकिन तस्वीर वायरल होने के बाद विभाग के लिए जवाब देना मुश्किल हो गया। इसके बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल प्रधान आरक्षक बालेश्वर तिवारी और मददगार आरक्षक अरुण जांगड़े को आगामी आदेश के लिए कोनी थाने से हटाकर लाइन अटैच कर दिया है । यह कार्रवाई इसलिए की गई कि जिन कबाड़ियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे उन्हें थाने में बिठाकर यह दोनों चाय पिला रहे थे, जो पुलिस की छवि को कमजोर करती है। इसे लापरवाही मानते हुए यह कार्यवाही की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!