

मुंगेली। मुंगेली पुलिस ने चोरी के एक मामले का महज 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चोरी गए 11 सोने के लॉकेट और 2 हजार रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि विधि से संघर्षरत एक बालक को किशोर न्यायालय में पेश कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के त्वरित निराकरण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, फंदवानीकांपा निवासी मनीष अनंत ने 1 जुलाई 2026 को थाना सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि 29 जून को सब्जी बाजार से लौटने के बाद अगले दिन घर की आलमारी की जांच करने पर उसमें रखे 11 सोने के लॉकेट और 2 हजार रुपये नकद गायब मिले। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर गांव के ही हेमंत अनंत और एक विधि से संघर्षरत बालक को संदेह के दायरे में लिया गया। पूछताछ में बालक ने स्वीकार किया कि उसने अपने पारिवारिक चाचा के घर की आलमारी से चाबी निकालकर लॉकर में रखे रुपये और सोने के लॉकेट चोरी किए थे तथा लॉकेट हेमंत अनंत के पास रखवा दिए थे। उसकी निशानदेही पर 2 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।
इसके बाद पुलिस ने हेमंत अनंत (27 वर्ष) से पूछताछ की, जिसने चोरी के सोने के लॉकेट अपने पास रखना स्वीकार कर लिया। उसकी निशानदेही पर सभी 11 सोने के लॉकेट बरामद कर जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी हेमंत अनंत को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत कर बाल संप्रेषण गृह भेजा गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, उप निरीक्षक पारख साहू तथा थाना स्टाफ के राजेश बंजारे, अरुण साहू, अजय चंद्राकर, योगेश यादव, विकास ठाकुर, मनोज टंडन और चंद्रसेन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
