

बिलासपुर/रायपुर। प्रदेश के विभिन्न मंडलों और आयोगों में नियुक्तियों की बहुप्रतीक्षित सूची मंगलवार को जारी होने के साथ ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया। कई दिग्गज दावेदारों के बीच आखिरकार रायपुर की वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता और भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. ममता साहू को छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं के सम्मान और महिला नेतृत्व को नई जिम्मेदारी दिए जाने के रूप में देखा जा रहा है।
डॉ. ममता साहू लंबे समय से महिला सशक्तिकरण, सामाजिक जागरूकता और जनसेवा से जुड़े अभियानों में सक्रिय रही हैं। भारतीय जनता पार्टी की समर्पित महिला कार्यकर्ता के रूप में उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वर्तमान में वह भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। इससे पूर्व वे राज्य महिला आयोग तथा पिछड़ा वर्ग आयोग से जुड़े दायित्वों का भी निर्वहन कर चुकी हैं। रायपुर स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय से शिक्षित डॉ. साहू का सामाजिक और संगठनात्मक अनुभव उनकी नई जिम्मेदारी को और मजबूत आधार प्रदान करता है।
ओबीसी वर्ग से आने वाली डॉ. ममता साहू राज्य महिला आयोग की निवर्तमान अध्यक्ष किरणमई नायक का स्थान लेंगी। उनकी नियुक्ति की घोषणा के बाद प्रदेशभर से उन्हें शुभकामनाएं और बधाइयां मिल रही हैं।
भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश मीडिया प्रभारी एवं बिलासपुर ग्रामीण सह प्रभारी प्रियंका गिरी ने डॉ. ममता साहू को नई जिम्मेदारी मिलने पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह संगठन में वर्षों से सक्रिय और समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रति नेतृत्व के विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. साहू के नेतृत्व में महिला सुरक्षा, महिला अधिकारों के संरक्षण तथा महिलाओं से जुड़े मामलों के त्वरित निराकरण की दिशा में प्रभावी पहल होगी। उन्होंने कहा कि महिला आयोग महिलाओं की आवाज को और अधिक मजबूती से शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करेगा।
डॉ. ममता साहू की नियुक्ति को भाजपा महिला मोर्चा के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। संगठन के कार्यकर्ताओं का मानना है कि उनके अनुभव, सामाजिक सरोकारों और संगठनात्मक क्षमता का लाभ प्रदेश की महिलाओं को मिलेगा तथा महिला हितों से जुड़े मुद्दों पर आयोग अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेगा।
